संन्यास की डगर पर भाजपा का सियासी इकबाल

मध्यप्रदेश के अंदर राजनीति में अनुभव की पाठशाला के कुलगुरु हैं गोपाल भार्गव, संन्यास के बयान पर मंथन करे भाजपा संगठन

नौ बार के विधायक, छह भाजपा सरकारों में मंत्री और लगभग चार दशक का विधायी अनुभव… क्या पार्टी अपने इस अनुभवी नेतृत्व की राजनीतिक विरासत को संगठनात्मक मार्गदर्शन में बदलने की तैयारी करेगी?

संन्यास का बयान, संगठन के लिए विचार का विषय

यहां भाजपा संगठन के सामने एक महत्वपूर्ण विचारणीय प्रश्न है। यदि गोपाल भार्गव जैसे अनुभवी नेता सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बनाने की बात करते हैं, तो क्या उनके अनुभव का उपयोग संगठन के व्यापक हित में किया जा सकता है? क्या पार्टी उन्हें नई पीढ़ी के विधायकों, मंत्रियों और संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक की भूमिका दे सकती है? यह किसी पद की मांग नहीं, बल्कि संगठनात्मक आवश्यकता का सवाल है।

भाजपा में नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। नए नेतृत्व को अवसर मिलना चाहिए, लेकिन इसके साथ अनुभवी नेताओं के ज्ञान और अनुभव का लाभ भी पार्टी को मिलता रहना चाहिए।

भाजपा संगठन को करना चाहिए मंथन

गोपाल भार्गव का संन्यास संबंधी बयान इस विषय पर चर्चा का अवसर देता है। राजनीति में किसी नेता की यात्रा का अंत केवल चुनाव नहीं लड़ने से नहीं होता। कई बार सक्रिय राजनीति से पीछे हटकर भी कोई व्यक्ति संगठन, विचार और नई पीढ़ी को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

गोपाल भार्गव के सामने अभी कोपरा बांध का लक्ष्य है, लेकिन भाजपा संगठन के सामने एक बड़ा सवाल है—क्या वह अपने इस राजनीतिक कुलगुरु के अनुभव को आने वाली पीढ़ी की राजनीतिक पाठशाला बना पाएगा?

क्योंकि चुनाव जीतने वाले नेता तो अनेक होते हैं, लेकिन चार दशक के राजनीतिक अनुभव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने वाले मार्गदर्शक विरले होते हैं।

मध्यप्रदेश की राजनीति में कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान उनके वर्तमान पद से नहीं, बल्कि उनके लंबे राजनीतिक सफर और अनुभव से होती है। गोपाल भार्गव ऐसा ही एक नाम हैं। रहली विधानसभा से लगातार नौ बार जीत दर्ज करना, प्रदेश की छह भाजपा सरकारों में मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाना और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका तक पहुंचना उनके राजनीतिक सफर के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

लेकिन अब गोपाल भार्गव के एक बयान ने प्रदेश भाजपा के भीतर एक नई बहस की गुंजाइश पैदा कर दी है।

25 नवंबर को रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में आयोजित एक कार्यक्रम में गोपाल भार्गव ने घोषणा की कि कोपरा मध्य सिंचाई परियोजना पूरी होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने साफ किया कि अब उनका प्रमुख लक्ष्य इस परियोजना को पूरा कराना है, जिससे हजारों किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके।

उनका यह बयान केवल एक वरिष्ठ नेता की व्यक्तिगत घोषणा मानकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं होगा। इसके राजनीतिक और संगठनात्मक पहलुओं पर भी विचार होना चाहिए।

भाजपा के लिए एक राजनीतिक संस्थान जैसा अनुभव

गोपाल भार्गव का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर विधानसभा और सत्ता के शीर्ष गलियारों तक पहुंचा है। उन्होंने उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकारों में काम किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने सत्ता के उतार-चढ़ाव देखे हैं, संगठन के विस्तार का दौर देखा है और विपक्ष में बैठकर सरकार को घेरने की भूमिका भी निभाई है।

राजनीति में इतना लंबा अनुभव केवल चुनाव जीतने की कला तक सीमित नहीं रहता। इसमें कार्यकर्ताओं से संबंध, प्रशासनिक समझ, संगठन की कार्यशैली, राजनीतिक परिस्थितियों का आकलन और पीढ़ियों के साथ तालमेल जैसे अनेक पहलू शामिल होते हैं।

इसीलिए ….. गोपाल भार्गव को मध्यप्रदेश भाजपा की राजनीति में अनुभव की पाठशाला का कुलगुरु कहना अतिशयोक्ति नहीं, बल्कि उनके लंबे राजनीतिक सफर के प्रति एक सम्मानसूचक अभिव्यक्ति है।

नई पीढ़ी और पुराने अनुभव के बीच सेतु कौन बनेगा?

आज राजनीति की कार्यशैली बदल रही है। सोशल मीडिया, चुनावी प्रबंधन और त्वरित राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर है। ऐसे समय में दशकों तक जमीनी राजनीति करने वाले नेताओं का अनुभव नई पीढ़ी के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

गोपाल भार्गव के पास क्षेत्रीय राजनीति से लेकर प्रदेश की सत्ता तक का अनुभव है। उनके राजनीतिक सफर में कई ऐसे अध्याय हैं, जिनसे नए जनप्रतिनिधि सीख सकते हैं।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा को कोपरा सिंचाई परियोजना से जोड़ा है। अर्थात उनके सार्वजनिक बयान का केंद्र फिलहाल किसानों और क्षेत्र के विकास का अधूरा लक्ष्य है। इसे किसी राजनीतिक नाराजगी या उत्तराधिकार की घोषणा मान लेना जल्दबाजी होगी।