नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे अपनी विधानसभा को प्रदेश के मानचित्र पर आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के साथ हुई भेंट में विधायक लारिया ने नरयावली की तस्वीर बदलने वाले करोड़ों रुपये के बुनियादी ढांचे, सिंचाई परियोजनाओं और सड़क कनेक्टिविटी का विस्तृत प्रस्ताव रखकर बजट सत्र में सम्मिलित कर स्वीकृति का अनुरोध किया। जिस पर मुख्यमंत्री ने अत्यंत सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सड़कों की कनेक्टिविटी
विधायक लारिया ने क्षेत्र के आर्थिक पहिये को गति देने के लिए सड़कों के सुदृढ़ीकरण की मांग रखी। इसमें मुख्य रूप से बम्होरी तिराहा से गढ़पहरा तक 24 किमी फोरलेन निर्माण और ताजखिरिया से मुहली तक फोरलेन विस्तार, खुरई मार्ग NH-14 से नगना ढोंगा-बरोदिया मार्ग का मजबूतीकरण, पुरानी सदर-सेमराबाग-बहेरिया से पटकुई तक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग,मुहली-बड़कुआ,मदनपुरा- खिरिया और सानौधा-सिमरिया जैसे ग्रामीण अंचलों के लिए नई सड़कों की स्वीकृति की मांग की।
नदियों पर ‘सेतु’ का निर्माण
क्षेत्र की भौगोलिक बाधाओं को दूर करने के लिए विधायक लारिया ने धसान और मोलाली जैसी नदियों पर उच्च स्तरीय जलमग्नीय पुलों की मांग की है, जिनमें प्रमुख हैं: धसान नदी: खाकरोन-ईशुरवारा मार्ग (16.70 करोड़) और हीरापुर- रामछायरी मार्ग (7.38 करोड़) पर विशाल पुल स्वीकृति की मांग की।
मोलाली नाला: सागर बायपास-बिहारीपुरा (7.54 करोड़) और पथरिया हाट-पृथ्वीपुरा (9.71 करोड़) पर पुल निर्माण, बांकुरी व लुहारीघाट : कर्रापुर-खिरिया और कर्रापुर-पिपरिया मार्ग पर करोड़ों की लागत से बनने वाले पुलों का प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
सिंचाई परियोजनाओं पर विशेष जोर
इंजीनियर लारिया ने खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने का खाका पेश किया।
नवीन योजनाएं: तोड़ा गौतमिया, हनौता पारीक्षत और गढ़ौली सेवारा में नए तालाब एवं डैम निर्माण। घुरेटा में वियर योजना का सुधार।
प्रशासकीय स्वीकृति
करिया पाठा वियर (3.24 करोड़) और पिपरिया जसराज जलाशय (16.80 करोड़) के लिए पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति का आग्रह किया, ताकि रुके हुए कार्य गति पकड़ सकें।
विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने शासकीय हाई स्कूल भवनों के निर्माण की लंबित स्वीकृतियों के साथ-साथ वर्तमान शासकीय माध्यमिक शालाओं और हाई स्कूलों के उन्नयन (upgrade) का पुरजोर अनुरोध किया।
विधायक लारिया ने न केवल शहरी कनेक्टिविटी बल्कि ग्रामीण अंचल के अंतिम छोर पर खड़े किसान की खुशहाली का ध्यान रखा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इन जनहितैषी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
















