₹500 के लिए चाकूबाजी

सागर: ₹500 की शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, फरार आरोपी गिरफ्तार

सागर। सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये नहीं मिलने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को दर्ज शिकायत के आधार पर थाना गोपालगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी सौरभ घरु उर्फ सोनू ने फरियादी से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में गोपालगंज पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

सागर पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन में भय का वातावरण बनाने, हिंसक घटनाओं को अंजाम देने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके ।